#एजुकेशन #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर में रोजगार मेले में 2043 युवाओं को नियुक्ति पत्र, भूपेंद्र यादव ने किया वितरण

अलवर, 04 जुलाई। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी पचपदरा उद्घाटन के लाइव कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार मेले के जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बालोतरा के पचपदरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण पंचायत समितियों, स्थानीय निकायों और ग्राम पंचायतों तक भी किया गया।

राज्य स्तर पर 1.05 लाख करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

पचपदरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत से तैयार ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया। इसमें जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित ऊर्जा, सड़क, नागरिक उड्डयन और रेलवे से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल रहीं। जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन और उड़ान योजना के नए चरण की शुरुआत भी की गई। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे।

जिले में 2043 नव चयनितों को मिले नियुक्ति पत्र

जिला स्तरीय कार्यक्रम में भूपेंद्र यादव ने विभिन्न विभागों में चयनित 2043 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें प्रशासनिक सुधार विभाग के 1661, माध्यमिक शिक्षा के 101, गृह विभाग के 97, विद्युत विभाग के 78, कृषि विभाग के 13, पंचायती राज के 23, शासन सचिवालय के 17, कॉलेज शिक्षा के 10, कौशल नियोजन विभाग के 10 और अन्य विभागों के 33 कार्मिक शामिल हैं। कार्यक्रम में 10 चयनित अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से मंच पर नियुक्ति पत्र दिए गए।

नव चयनित युवाओं में खुशी का माहौल

नियुक्ति पत्र पाकर नव चयनित युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। अंतिमा गुप्ता का शिक्षा विभाग में व्याख्याता और अजय कुमार यादव का सहायक कृषि अधिकारी पद पर चयन हुआ। चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि सरकार द्वारा पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के कारण उन्हें समय पर नियुक्ति मिली है, जिससे वे बेहद खुश हैं।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी बड़ी संख्या में रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला, डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नवनियुक्त कार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *