समय रैना के शो पर अभिजीत दिपके का दो टूक जवाब, बोले- ‘बुलावा आया तो भी नहीं जाऊंगा’
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी है। एक हालिया पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि यदि उन्हें शो में शामिल होने का निमंत्रण भी मिलता है, तब भी वह इसका हिस्सा नहीं बनेंगे। दिपके ने स्टैंड-अप कॉमेडी, सामाजिक व्यंग्य और मनोरंजन के बदलते स्वरूप पर भी खुलकर अपनी बात रखी।
‘ऑफर मिला तो भी नहीं जाऊंगा’
एक इंटरव्यू के दौरान जब अभिजीत दिपके से पूछा गया कि क्या वह समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में जाना पसंद करेंगे, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया, “मैं नहीं जाऊंगा, मुझे वह शो पसंद नहीं है।” हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि शो को लेकर उनकी असहमति किन विशेष कारणों से है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई।
कॉकरोच जनता पार्टी के बाद बढ़ी पहचान
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद अभिजीत दिपके लगातार सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। अपने अनोखे विरोध प्रदर्शन और बेबाक बयानों के कारण उन्होंने अलग पहचान बनाई है। हाल के इंटरव्यू में उन्होंने सामाजिक मुद्दों, राजनीति और कॉमेडी की भूमिका पर भी विस्तार से अपनी राय रखी।
इन कॉमेडियनों के काम की की तारीफ
समदिश के साथ बातचीत में दिपके ने बताया कि उन्हें स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा, वरुण ग्रोवर और अनुराग माइनस वर्मा का काम पसंद है। उनके मुताबिक, ये कलाकार सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर व्यंग्य के जरिए गंभीर बातों को प्रभावी ढंग से सामने रखते हैं। दिपके का कहना था कि मनोरंजन तभी सार्थक होता है, जब उसके पीछे सामाजिक समझ और विचार भी हों।
संघर्ष और विशेषाधिकार पर भी रखी राय
इंटरव्यू के दौरान अभिजीत दिपके ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोगों के लिए जीवन में अवसर और सुविधाएं अपेक्षाकृत आसान होती हैं, जबकि अधिकांश लोगों को अपने संघर्ष के बल पर आगे बढ़ना पड़ता है। उन्होंने संकेत दिया कि इसी सोच के चलते वह कुछ मंचों से दूरी बनाए रखना पसंद करते हैं। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या शो पर व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाए।
दूसरे सीजन को लेकर भी हो रही चर्चा
समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ पहले सीजन में कई विवादों के कारण चर्चा में रहा था। हाल ही में शो का दूसरा सीजन शुरू हुआ, जिसके पहले एपिसोड में अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ पैनलिस्ट के रूप में नजर आईं। सोशल मीडिया पर नए सीजन को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने शो की सराहना की, जबकि कुछ दर्शकों ने इसे पहले की तुलना में अधिक स्क्रिप्टेड बताया।