Alwar News: 24 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार
अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में नाबालिग से अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इस मामले में उसके सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी OLA टैक्सी चालक बताए जा रहे हैं।
220 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर मिली बड़ी सफलता
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विशेष टीमों का गठन किया गया। डीएसटी, तकनीकी टीम और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस ने लगातार 24 घंटे तक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 220 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली।
मुख्य आरोपी और सहयोगी दोनों गिरफ्तार
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी राहुल कुमार मीना (27) को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ ही उसे शरण देने वाले रिंकू मीना (23) को भी पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश में गिर पड़ा, जिससे उसके पैरों में चोटें आईं।
चोरी की बाइक और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड आया सामने
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से पोक्सो, चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं उसके सहयोगी का भी आपराधिक रिकॉर्ड पाया गया है, जिसकी जांच अन्य जिलों से की जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला मामला
अलवर पुलिस की इस तेज कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के समन्वय से यह सफलता मिली है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।