रन आउट होने के बाद गुस्से में बल्ला फेंकना पड़ा भारी, ICC ने पाकिस्तानी बल्लेबाज गुल फिरोजा को दी सजा
महिला टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के दौरान पाकिस्तान की बल्लेबाज गुल फिरोजा का गुस्सा उन पर भारी पड़ गया। रन आउट होने के बाद उन्होंने नाराजगी में बल्ला और ग्लव्स फेंक दिए, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी ठहराते हुए आधिकारिक फटकार और एक डिमेरिट अंक की सजा दी है।
आउट होने के बाद दिखाया गुस्सा, ICC ने लिया एक्शन
यह घटना पाकिस्तान की पारी के दूसरे ओवर में हुई, जब गुल फिरोजा रन आउट होकर पवेलियन लौट रही थीं। निराशा में उन्होंने टीम डगआउट के पास अपना बल्ला और दस्ताने फेंक दिए। इस व्यवहार को आईसीसी ने खेल भावना के खिलाफ माना और खिलाड़ियों के आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया। इसके बाद उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए आधिकारिक चेतावनी जारी की गई।
किस नियम के तहत मिली सजा?
आईसीसी ने गुल फिरोजा को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए लागू आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया। यह नियम क्रिकेट उपकरण, कपड़ों, मैदान के उपकरणों या अन्य सुविधाओं के अनुचित इस्तेमाल से संबंधित है। चूंकि पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला उल्लंघन था, इसलिए उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया। लेवल-1 उल्लंघन के मामलों में आधिकारिक फटकार, मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं।
अंपायरों की रिपोर्ट के बाद खिलाड़ी ने स्वीकार की गलती
मैदान पर मौजूद अंपायर सू रेडफर्न और वृंदा राठी, थर्ड अंपायर जैकलीन विलियम्स तथा फोर्थ अंपायर शथिरा जाकिर जेसी ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद मैच रेफरी मिशेल परेरा ने गुल फिरोजा के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव रखा। खिलाड़ी ने अपना दोष स्वीकार कर लिया और सजा भी मान ली, जिसके कारण औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की करारी हार
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 199 रन बनाए। एलिस पेरी ने 48 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वोल ने 39 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 13.4 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने सबसे अधिक 32 रन बनाए, लेकिन टीम को बड़ी हार का सामना करना पड़ा।
टूर्नामेंट से बाहर हुई पाकिस्तान टीम
लगातार चार मैच हारने के बाद पाकिस्तान महिला टीम ग्रुप-ए की अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गई और सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। टीम अब अपना अंतिम ग्रुप मुकाबला 27 जून को नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी। इस बीच गुल फिरोजा पर हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई भी पूरे टूर्नामेंट में चर्चा का विषय बन गई है।