#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर के ललावंडी गांव में हैवी ब्लास्टिंग पर बवाल, ग्रामीणों का जोरदार विरोध प्रदर्शन


अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के ललावंडी गांव में पहाड़ पर हो रही भारी ब्लास्टिंग के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग से गांव की जान-माल को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

ब्लास्टिंग से गांव में दहशत, 200 मीटर तक गिरे पत्थर

ग्रामीणों के अनुसार सोमवार शाम करीब चार बजे पहाड़ पर हुई हैवी ब्लास्टिंग के दौरान बड़े-बड़े पत्थर हवा में उड़कर करीब 200 मीटर दूर आबादी क्षेत्र तक पहुंच गए। कई पत्थर घरों और आंगनों में गिरने से गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि उस समय कोई व्यक्ति वहां मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

तहसील मुख्यालय तक निकाली गई विरोध रैली

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण रामगढ़ तहसील रंगमंच से रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन में महिलाओं ने विशेष रूप से आक्रोश जताते हुए ब्लास्टिंग से गिरे बड़े पत्थरों को सिर पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार अंकित गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों ने मौके पर उन पत्थरों को भी अधिकारियों को दिखाया जो ब्लास्टिंग के बाद गांव में गिरे थे।

मकानों में दरारें, भूकंप जैसे झटकों का दावा

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से चल रही भारी ब्लास्टिंग के कारण मकानों में दरारें आ रही हैं और जमीन में लगातार कंपन महसूस होता है। सोमवार की घटना के बाद पूरे गांव में भूकंप जैसी स्थिति बनी रही और लोग घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि ब्लास्टिंग गतिविधियों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और आबादी क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों की चेतावनी, आंदोलन तेज करने की बात

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान परमजीत कौर, अमरजीत सिंह, धर्मेंद्र यादव, जसपाल महावर, प्रभाजोत कौर, नीतीश कुमार, धारासिंह, संजीदा, रविंदर कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *