कूड़ा और धांसे के विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या,
खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के बासनी गांव में कूड़ा डालने और धांसे को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक 60 वर्षीय किसान की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पुराने विवाद के चलते उतारा मौत के घाट
मृतक की पहचान बासनी निवासी बृजकिशोर योगी के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही राकेश उर्फ टिंकू के साथ उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मंगलवार शाम राकेश अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और पहले बृजकिशोर को बाइक से गिराया, इसके बाद उसे घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
गंभीर हालत में परिजन उन्हें मुंडावर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के बाहर लगाया जाम
बुधवार को गुस्साए परिजन और ग्रामीण मुंडावर थाने पहुंचे और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कुछ समय के लिए थाने के सामने मुख्य मार्ग पर बैरिकेड्स लगाकर जाम भी लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि 12 जून को ही संभावित विवाद और हमले की आशंका को लेकर पुलिस को लिखित सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
सूचना मिलते ही किशनगढ़बास के डीएसपी लालसिंह यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस की समझाइश पर जाम खुलवाया गया।
पुलिस ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलासा होगा
थाना प्रभारी मोहर सिंह मीणा के अनुसार, मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।