बीकानेर में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, मासूम बच्ची जिंदगी की जंग लड़ रही
राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हरियाणा के फतेहाबाद जिले का एक परिवार बीकानेर जिले के मुकाम स्थित बिश्नोई समाज के आराध्य गुरु जम्भेश्वर भगवान के समाधि स्थल पर दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद परिवार कार से वापस हरियाणा लौट रहा था। इसी दौरान श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर हेमासर फांटे के पास उनकी कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए कार के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को कार से बाहर निकाला गया। दुर्घटना स्थल का दृश्य बेहद दर्दनाक था।
छह लोगों की मौत, मासूम बच्ची गंभीर
हादसे में कार चालक ओमप्रकाश बिश्नोई, उनकी पत्नी सोरमा देवी, बेटी प्रमिला, रोनित, यशवी और खुशी की मौत हो गई। इनमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक बच्चे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 2 वर्षीय तनवी को गंभीर हालत में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
अस्पताल और मोर्चरी में मचा कोहराम
मृतकों के शवों को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जैसे ही हादसे की सूचना परिजन और रिश्तेदारों तक पहुंची, अस्पताल में भारी संख्या में लोग जमा हो गए। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत की खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने डंपर और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।