#क्राइम #राज्य-शहर

उमरैण में महिला से मारपीट मामले को लेकर ग्रामीणों की बैठक, गिरफ्तारी की मांग तेज

अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के उमरैण गांव में महिला से कथित मारपीट के मामले को लेकर रविवार को ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए पांच दिन के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रस्तावित धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

महिला से मारपीट के आरोप के बाद बढ़ा आक्रोश

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की एक महिला के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। इस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है और पुलिस जांच भी जारी है। हालांकि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। इसी को लेकर गांव में बड़ी बैठक बुलाकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे

बैठक में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, शिवसेना, आरएसएस सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। गांव में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रशासन ने मांगा पांच दिन का समय

बैठक के दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच वार्ता भी हुई। ग्रामीण सीओ योगेश मौके पर पहुंचे और प्रतिनिधियों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से पांच सदस्यीय समिति के माध्यम से ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि पांच दिनों के भीतर मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद तत्काल आंदोलन को स्थगित करने पर सहमति बनी।

गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो छठे दिन बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रशासन को पहले ही अवगत करा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

पुलिस बल रहा तैनात

बैठक के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र के दो से तीन थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी और शांति बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में मदनलाल गुर्जर, प्रेम सिंह, निजु पंडित, रतिराम यादव, गिर्राज यादव, रूपराम यादव, पुष्पेंद्र पटेल, भवेंद्र पटेल, उपप्रधान महेश सैनी, राजेश सैनी, वीर सिंह, सतीश पटेल, खेलूराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *