जयपुर में द्रव्यवती नदी में युवक ने लगाई छलांग, मौत; सांगा सेतु पुलिया से कूदने का VIDEO आया सामने
जयपुर में द्रव्यवती नदी में एक युवक द्वारा छलांग लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित सांगा सेतु पुलिया पर युवक हाथ में मोबाइल लेकर रेलिंग पर चढ़ा और नदी के बीच हिस्से तक पहुंचने के बाद अचानक छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस और सिविल डिफेंस टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब एक घंटे बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला।
पुलिया की रेलिंग पर चढ़ा, फिर नदी में कूद गया
घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पहले पुलिया पर कुछ देर तक खड़ा रहा। उसके हाथ में मोबाइल फोन था। इसके बाद वह रेलिंग पर चढ़कर द्रव्यवती नदी के बीच वाले हिस्से तक पहुंचा और अचानक नीचे छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह नदी में कूद चुका था।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम
घटना की जानकारी मिलते ही मालपुरा गेट थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। नदी में युवक की तलाश के लिए तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
पहचान नहीं हो सकी, जांच जारी
थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह स्थानीय इलाके में कारीगर या मिस्त्री का कार्य करता था। पुलिस उसकी पहचान स्थापित करने के प्रयास कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पुलिया की रेलिंग पर चढ़ता और नदी की ओर बढ़ता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले युवक की गतिविधियां क्या थीं।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। मोबाइल फोन और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। पहचान होने के बाद परिजनों से पूछताछ कर आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।