Women T20 World Cup इतिहास के दो रोमांचक मैच, जब सिर्फ 1 रन से मिली जीत
ICC Women T20 World Cup 2026 के आगाज से पहले टूर्नामेंट के इतिहास के कुछ सबसे रोमांचक मुकाबले फिर चर्चा में हैं। अब तक खेले गए नौ संस्करणों में केवल दो बार ऐसा हुआ है, जब किसी टीम ने महज एक रन के अंतर से जीत हासिल की। इन मुकाबलों में श्रीलंका और पाकिस्तान ने यादगार जीत दर्ज की थी।
2010 में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 1 रन से हराया
Women T20 World Cup 2010 में पहली बार एक रन के अंतर वाला रोमांच देखने को मिला। बासेटेरे में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका की टीम 19.3 ओवर में 108 रन पर सिमट गई थी। इनोका गलागेदारा ने 25 और सुविनी डी अल्विज ने 22 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सना मीर, जावेरिया खान और नादिया डार ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 107 रन पर ऑलआउट हो गई। बिस्माह मारूफ के 42 रन भी टीम को जीत नहीं दिला सके और श्रीलंका ने रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया।
2012 में पाकिस्तान ने भारत को दिया 1 रन से झटका
1 अक्टूबर 2012 को गाले में भारत और पाकिस्तान के बीच लो-स्कोरिंग मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 98 रन बनाए। कप्तान सना मीर और नैन आबिदी ने 25-25 रन की अहम पारियां खेलीं। भारत की ओर से झूलन गोस्वामी, रसनारा परवीन और अनुजा पाटिल ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 97 रन ही बना सकी। झूलन गोस्वामी ने 21 और पूनम राउत ने 18 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से एक रन दूर रह गई।
महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में सिर्फ दो बार हुआ ऐसा
महिला टी20 विश्व कप के नौ संस्करणों में अब तक केवल दो मुकाबले ऐसे रहे हैं, जिनका नतीजा सिर्फ एक रन के अंतर से निकला। यही वजह है कि ये दोनों मैच टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मुकाबलों में गिने जाते हैं। 2026 संस्करण से पहले क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि इस बार भी कई यादगार और करीबी मुकाबले देखने को मिलेंगे।