पीठ दर्द को हल्के में न लें, ये संकेत दिखें तो तुरंत डॉक्टर से मिलें
आज की व्यस्त जीवनशैली, लंबे समय तक बैठकर काम करने और गलत पोस्चर की वजह से पीठ दर्द की समस्या आम हो गई है। हालांकि, कई बार यही दर्द किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। यूनाइटेड किंगडम की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) ने ऐसे कुछ लक्षण बताए हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है।
कब डॉक्टर से सलाह लेना हो जाता है जरूरी?
अगर कई हफ्तों तक घरेलू उपाय करने के बावजूद दर्द में राहत नहीं मिल रही है, रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं या दर्द असहनीय हो चुका है, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा बिना वजह वजन कम होना, पीठ में सूजन या आकार में बदलाव महसूस होना भी गंभीर संकेत हो सकते हैं।
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
आराम करने के बाद भी दर्द कम न होना, रात में दर्द बढ़ना, खांसने या छींकने पर तेज झटका महसूस होना और कंधों के बीच ऊपरी हिस्से में दर्द होना भी डॉक्टर को दिखाने के संकेत माने जाते हैं। समय पर जांच और सही इलाज से कई गंभीर समस्याओं से बचाव संभव है।