मालाखेड़ा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठियों से हमला कर 3 युवक गंभीर घायल
अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के पुनखर गांव में जमीन विवाद की पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दूसरे पक्ष ने रास्ते में तीन युवकों पर लाठी-डंडों और टांके से हमला कर दिया, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुरानी रंजिश से भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद जमीन से जुड़े पुराने झगड़े का परिणाम बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि तीन दिन पहले भी आरोपियों ने उनके खेत की डोल को तोड़ दिया था, जिसके बाद मामला शांत हो गया था। लेकिन पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मौका पाकर हमला कर दिया और तीन युवकों को निशाना बनाया।
रास्ते में रोककर किया जानलेवा हमला
घटना उस समय हुई जब राजेंद्र, संजय और चिरंजी बाइक से ठिगावड़ा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मंगल राम, विजय सिंह, राजेंद्र मीणा और फतेह सिंह सहित अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद लाठियों और टांके से तीनों पर बेरहमी से हमला कर दिया गया। हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीनों घायल जिला अस्पताल में भर्ती
हमले के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार राजेंद्र मीणा और संजय मीणा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चिरंजी के हाथ और पैर में गहरी चोटें लगी हैं। सभी का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घायल पक्ष के परिजन कमल राम मीणा ने आरोप लगाया है कि यह हमला पूरी तरह से पूर्व नियोजित था और पुरानी रंजिश के कारण किया गया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।