अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए निर्देश
अलवर में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय बीना महावर की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिले के विभिन्न ब्लॉकों और अन्य स्थानों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित समय में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
योग प्रशिक्षकों की सूची तैयार करने के निर्देश
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए विभागीय और स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े योग प्रशिक्षकों का चयन कर उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
प्रचार-प्रसार और चिकित्सा व्यवस्था पर जोर
सीएमएचओ को निर्देश दिए गए कि योग दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लैक्स, बैनर और आईईसी गतिविधियों का आयोजन किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। इसी प्रकार की व्यवस्थाएं ब्लॉक स्तर पर भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्टेज, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं
यूआईटी को स्टेज निर्माण, माइक, एलईडी स्क्रीन, प्रकाश व्यवस्था और जनरेटर की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निगम को पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, डस्टबीन और अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ग्राम स्तर तक होगा आयोजन
महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला परिषद और शिक्षा विभाग को ग्राम स्तर तक योग दिवस का प्रचार-प्रसार करने और कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। राजकीय एवं निजी विद्यालयों में भी योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वयंसेवी संस्थाओं से भी योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया।
अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अम्बा लाल मीणा, उपखंड अधिकारी माधव भारद्वाज, आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक करण सिंह दहिया, सीडीईओ महेश गुप्ता, पर्यटन विभाग की उप निदेशक टीना यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।