मोहाली ऑफिस मर्डर: एक्स बॉयफ्रेंड ने दफ्तर में घुसकर युवती की हत्या की, फिर खुद पर किया चाकू से हमला
पंजाब के मोहाली में एक निजी कंपनी के कार्यालय में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ऑफिस में घुसकर किया हमला
घटना मोहाली के सेक्टर-66 स्थित फेज-11 इलाके की एक निजी लॉजिस्टिक्स कंपनी की है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय डिंपल के रूप में हुई है, जो कंपनी में कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ हैरी मान अचानक कार्यालय पहुंचा और डिंपल से बातचीत के दौरान विवाद हो गया।
कुछ ही देर में आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू से युवती पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
छह महीने पहले हो चुका था ब्रेकअप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डिंपल और हरविंदर पहले रिश्ते में थे, लेकिन करीब छह महीने पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी दोबारा संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन युवती उससे दूरी बनाए हुए थी।
पुलिस को आशंका है कि इसी नाराजगी और एकतरफा लगाव के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद खुद पर भी किया हमला
युवती पर हमला करने के बाद हरविंदर ने खुद को भी चाकू मार लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी हरविंदर का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मोहाली के डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के होश में आते ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर जांच जारी है और दोनों के रिश्ते से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
दोनों पटियाला के रहने वाले
जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी दोनों मूल रूप से पटियाला के रहने वाले थे और मोहाली में नौकरी कर रहे थे। पुलिस आरोपी के पारिवारिक और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।