#क्राइम #राज्य-शहर

तिजारा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

शेखपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना रात करीब 8 बजे ईशरौदा के पास की है। मृतक की पहचान अमन कुमार (26) पुत्र चुन्नीलाल निवासी राईखेड़ा, तिजारा के रूप में हुई है। अमन टपूकड़ा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और बाइक से अपने घर लौट रहा था।

प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के पड़ोसी धर्मबीर यादव के अनुसार, ट्रैक्टर गलत दिशा से तेज गति में आ रहा था और उसने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों ने घायल अमन को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर शेखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।

परिवार वालों के अनुसार, अमन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है और वह अविवाहित था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *