अलवर के पंचवटी में खड़ी थार से स्टेपनी व ऑटो पार्ट्स चोरी, वारदात CCTV में कैद
अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी इलाके में खड़ी एक थार गाड़ी से स्टेपनी और अन्य ऑटो पार्ट्स चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पंचवटी निवासी एडवोकेट साहिल ने बताया कि उनकी थार गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाश पहले इलाके की रेकी करते नजर आए। इसके बाद 20 मई की सुबह करीब 3 बजे दोनों आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचे और गाड़ी की स्टेपनी में लगे ताले को तोड़कर स्टेपनी चोरी कर ली। बदमाश इस दौरान कुछ अन्य ऑटो पार्ट्स भी साथ ले गए।
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
“गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। सुबह देखा तो स्टेपनी और कुछ पार्ट्स गायब थे। सीसीटीवी में दो युवक चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस में शिकायत दे दी है, उम्मीद है जल्द कार्रवाई होगी।”