#क्राइम #राज्य-शहर

बेरेबास घाटी में मृत गोवंश मिलने से हड़कंप, कटी गर्दन मिलने पर जांच में जुटी पुलिस

अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोहा गांव के समीप बेरेबास घाटी में सोमवार दोपहर एक मृत गोवंश मिलने की सूचना से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गोरक्षक दल के सदस्य और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां गोवंश की कटी हुई गर्दन सड़क किनारे पड़ी मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार, थानाधिकारी अजीत बड़सरा सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच के लिए रामगढ़ पशु चिकित्सालय भिजवाया गया है।

डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हुआ। हालांकि शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा शव को यहां फेंका गया हो या फिर आवारा कुत्तों द्वारा गर्दन को खींचकर सड़क किनारे लाया गया हो।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास खून के कोई निशान नहीं मिले हैं। वहीं पशु चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोवंश का शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है, जिसमें सड़न शुरू हो चुकी थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

गौ रक्षक सेवा दल के सदस्य जतीन दत्त ने बताया कि सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। फिलहाल पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *