अलवर में शादी के नाम पर 10 लाख की ठगी: दो बार फर्जी शादी कर गिरोह ने युवक को बनाया शिकार
अलवर शहर में शादी कराने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी और धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने संगठित गिरोह पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम नगर मेहताब सिंह का नोहरा निवासी अजय शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पहचान माचाड़ी निवासी बंटी से हुई थी। जून 2025 में बंटी ने उसकी मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई। आरोप है कि दोनों ने एक युवती की फोटो दिखाकर शादी का झांसा दिया और बताया कि लड़की मध्यप्रदेश की रहने वाली है तथा उसके पिता बीमार हैं। शादी और इलाज के खर्च के नाम पर उससे करीब 3 लाख रुपए मांगे गए।
परिवादी के अनुसार, शुरुआत में किराया-भाड़ा और अन्य खर्च बताकर 30 हजार रुपए लिए गए। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को निशा नाम की युवती को उसके कथित परिजनों के साथ अलवर लाया गया। उसी दिन टेल्को चौराहे के पास करीब 2.30 लाख रुपए नकद मनोहर को दिए गए। युवती करीब पांच दिन तक अजय के रिश्तेदारों के घर पर रही, इस दौरान उसके लिए करीब 60 हजार रुपए के कपड़े, जेवर और अन्य सामान खरीदा गया।
अजय का आरोप है कि 17 जनवरी की रात युवती ने परिवार के लोगों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। सुबह उठने पर युवती और उसके साथ आए लोग गायब मिले। घर से करीब 3 लाख रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी चोरी हो चुका था।
शिकायत करने पर आरोपियों ने दूसरी युवती आरती से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। 23 जनवरी 2026 को आरती अपने परिजनों के साथ अलवर पहुंची और काशीराम चौराहे स्थित एक धर्मशाला में अजय से शादी कराई गई। इस दौरान भी आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से पैसे लिए। शादी समारोह में 300-400 लोगों के भोजन की व्यवस्था करवाई गई, जिसमें भारी खर्च हुआ।
परिवादी के अनुसार, शादी के बाद आरती कुछ दिन साथ रही, लेकिन 26 जनवरी को मायके जाने के बहाने 4 हजार रुपए लेकर चली गई और फिर वापस आने से इनकार कर दिया। जब अजय और उसके परिजन उसे लेने गए तो आरोपियों ने और पैसे की मांग शुरू कर दी और रिश्ता तोड़ने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उससे करीब 3.60 लाख रुपए नकद ठग लिए, जबकि शादी समारोह में करीब 6.50 लाख रुपए खर्च करवाए गए। इस तरह उसे कुल मिलाकर 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ।
कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे गिरोह की जांच शुरू कर दी है।