#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में 53 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, यूपी का तस्कर कार सहित गिरफ्तार

अलवर के शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 53 किलो 660 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक अंगद शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बहरोड़ की ओर से अलवर की तरफ कार में गांजा भरकर सप्लाई करने आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बहरोड़ टी-पॉइंट पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान बहरोड़ की ओर से आ रही एक सफेद स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 53 किलो 660 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से ही गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मायाराम निवासी उत्तर प्रदेश बताया। उसने स्वीकार किया कि वह यूपी से गांजा लाकर अलवर में विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने आया था। हालांकि, सप्लाई करने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी मायाराम को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह अलवर में किन लोगों को गांजा सप्लाई करने वाला था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *