अलवर में पहली बार विष्णु महापुराण कथा 30 मई से, शोभायात्रा व विशेष पूजन होंगे आकर्षण
अलवर।
धर्म नगरी अलवर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर पहली बार विष्णु महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री वेंकटेश बालाजी दिव्य धाम, रामकिशन कॉलोनी (काला कुआँ) द्वारा 30 मई से 5 जून 2026 तक किया जाएगा।
स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस धार्मिक आयोजन के तहत भगवान लक्ष्मी नारायण का षोडषोपचार पूजन एवं तुलसी-शालिग्राम पूजन प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक मंदिर परिसर में किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन सायं 4 से 7 बजे तक प्रताप ऑडिटोरियम में उनके मुखारविंद से विष्णु महापुराण कथा का वाचन होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 30 मई को प्रातः 7 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगी, जो श्री वेंकटेश बालाजी दिव्य धाम से कथा स्थल प्रताप ऑडिटोरियम तक निकाली जाएगी। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण लक्ष्मी स्वरूपा तुलसी जी के गमले की यात्रा रहेगी। इसमें शामिल होने वाली महिलाओं को चुनरी प्रसाद स्वरूप दी जाएगी। कलश यात्रा के लिए महिलाओं के पंजीकरण भी शुरू हो चुके हैं।
स्वामी सुदर्शनाचार्य के अनुसार, पुरुषोत्तम मास में भगवान विष्णु की आराधना विशेष फलदायी मानी जाती है। कथा श्रवण से मानसिक शांति मिलती है, गृह दोषों का निवारण होता है तथा जीवन में सुख-समृद्धि और संतति उन्नति के मार्ग प्रशस्त होते हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों—हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, गुरुग्राम, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़—से श्रद्धालु भाग लेने के लिए अलवर पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम में 108 यजमान और 9 विशेष सहयोगी यजमान बनाए जा रहे हैं। साथ ही मंदिर परिसर में विश्व शांति एवं सर्वबाधा निवारण के लिए वेद विद्यालय के आचार्यों द्वारा सुदर्शन यज्ञ भी कराया जाएगा।
आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, केंद्रीय व राज्य मंत्रियों, विधायकों व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न संत-महात्माओं को भी आमंत्रित किया गया है।