#राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस दिवस पर भिवाड़ी में गोष्ठी, मानवता सेवा के मूल्यों पर जोर

भिवाड़ी, 8 मई 2026। भारत विकास परिषद की भिवाड़ी शाखा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर सिटी नर्सिंग होम में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “मानवता की सेवा में रेड क्रॉस का योगदान” रहा, जिसमें सामाजिक सेवा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष विमल पंडित ने की, जबकि सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य वक्ता एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला खैरथल-तिजारा के चेयरमैन डॉ. रूप सिंह ने रेड क्रॉस के इतिहास, उद्देश्य और इसके सात सिद्धांत—मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता और सार्वभौमिकता—पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस संस्था विश्वभर में युद्ध, आपदाओं और महामारी के समय बिना किसी भेदभाव के सेवा कार्य करती है।

इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. नवनीता शर्मा ने महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं में रेड क्रॉस की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने महिलाओं से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

सीए राकेश कुमार गुप्ता ने ‘पंच परिवर्तन’ अभियान के तहत ‘कुटुंब प्रबोधन’ विषय पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में शाखा कोषाध्यक्ष हर्ष कुमार माहेश्वरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर युवा प्रकोष्ठ प्रभारी अमित नाहटा सहित राजेश द्विवेदी, निशि पंडित, सरिता अग्रवाल, विजयेता माहेश्वरी और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, चिकित्सक व परिषद सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” के संदेश के साथ हुआ।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *