#पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

भरतपुर में सिलिकोसिस पीड़ितों की अनदेखी का आरोप, टीकाराम जूली ने सरकार को घेरा

जयपुर/भरतपुर, 2 मई 2026।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर सिलिकोसिस पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ भरतपुर जिले की रुदावल तहसील के गांव खेड़ा ठाकुर का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

दौरे के बाद जूली ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रमिक सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, लेकिन उन्हें प्रशासन की ओर से पर्याप्त सहायता नहीं मिल रही। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री के गृह जिले में सरकारी संवेदनहीनता का उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार पीड़ितों को उनके हाल पर छोड़ चुकी है।

उन्होंने कहा कि “भरतपुर मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के बावजूद यहां के पीड़ितों को बुनियादी सहायता नहीं मिल पा रही है। सरकार को स्वयं यहां आकर हालात का जायजा लेना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”

पेंशन और योजनाओं में देरी पर नाराजगी

दौरे के दौरान पीड़ितों, महिलाओं और विधवाओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि कई महीनों से पेंशन नहीं मिल रही है और पालनहार योजना की राशि भी खातों में नहीं आई है। इस पर जूली ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार की प्रशासनिक विफलता के कारण जरूरतमंद लोग अपने हक के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने बकाया भुगतान जल्द जारी करने की मांग की।

कांग्रेस सरकार के कार्यों का उल्लेख

जूली ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सिलिकोसिस पीड़ितों के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। वर्ष 2013 में पहली बार नीति लागू कर बीमारी पर ₹1 लाख और मृत्यु पर ₹3 लाख का मुआवजा शुरू किया गया था। बाद में 2019 में इसे बढ़ाकर कुल ₹5 लाख किया गया।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान करीब 35 हजार मरीजों को ₹911 करोड़ की आर्थिक सहायता, ₹1500 मासिक पेंशन, पालनहार योजना का लाभ और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया।

सरकार पर निशाना, चेतावनी भी

जूली ने कहा कि जहां विपक्ष गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, वहीं सरकार पूरी तरह नदारद है। उन्होंने मांग की कि सिलिकोसिस से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और पात्र लोगों तक समय पर सहायता पहुंचे।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पेंशन और योजनाओं का भुगतान जल्द शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *