रामगढ़ एसडीएम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा, नारेबाजी व वीडियो वायरल; चार नामजद सहित कई पर मामला दर्ज
अलवर जिले के रामगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान एसडीएम कोर्ट में हंगामा हो गया। सुनवाई के बीच कुछ आपत्तिकर्ताओं ने “एसडीएम चोर है” जैसे नारे लगाए और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बाबूलाल वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाधिकारी अजीत बड़सरा के अनुसार, एसडीएम की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एसआई दयाचंद को सौंपी है। सोमवार को जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, 2 अप्रैल को राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 3(सी) के तहत आपत्तियों की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक नारेबाजी शुरू कर दी और एसडीएम के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। साथ ही वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
नामजद आरोपियों में संजय कुमार अग्रवाल (मुबारिकपुर), पुनीत मेंहदीरता, मनीष खंडेलवाल और अमित सहानी शामिल हैं। एसडीएम ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से राजकार्य में बाधा डाली और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह कृत्य जातिगत दुर्भावना से प्रेरित होकर दबाव बनाने की नीयत से किया गया। उन्होंने कहा कि कोर्ट रूम में वीडियो बनाना और उसे वायरल करना कानूनन अपराध है, जिस पर कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज कराई गई है।
रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।