#क्राइम #सोशल

डीग में घर में घुसकर सो रहे युवक पर फायरिंग, रीट अभ्यर्थी गंभीर घायल

डीग जिले के नगर थाना क्षेत्र के गुलमानी गांव में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां घर में घुसकर सो रहे युवक पर गोली चला दी गई। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पहले अलवर भेजा गया लेकिन हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया ।

जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय बृजमोहन गुर्जर दोपहर करीब 1 बजे अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान गांव का ही सचिन गुर्जर घर में घुस आया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली बृजमोहन के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल को तुरंत बृजनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। अलवर में भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर भेज दिया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल के बड़े भाई जगमोहन गुर्जर ने बताया कि आरोपी और उसके परिवार के लोग पिछले कई दिनों से बृजमोहन को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिन गुर्जर साइबर फ्रॉड से जुड़ा हुआ है और इसी को लेकर पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। साथ ही आरोपी के पिता पर भी पहले धमकी देने का आरोप लगाया ।

बताया जा रहा है कि बृजमोहन रीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था और अपने दो भाइयों में सबसे छोटा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *