#क्राइम

जमीनी विवाद में परिवार के दो पक्ष भिड़े, धारदार हथियारों से हमला—6 घायल, एक की हालत गंभीर

अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के गांधीनगर गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस खूनी संघर्ष में एक पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामशरण यादव की जमीन पर परिवार के ही अमरेश और पप्पू कथित रूप से जबरन ट्रैक्टर चलाकर खेत जोत रहे थे। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि अमरेश और पप्पू पक्ष के लोगों ने रामशरण यादव, उनकी पत्नी कमलेश, पुत्रवधू रीना सहित सुनीता, अजीत और सुरेंद्र पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *