अलवर में मुख्यमंत्री रोजगार मेला: 721 युवाओं को नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी ने 16,686 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण
अलवर। मुख्यमंत्री रोजगार मेला के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को प्रताप ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर अजमेर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विभागों में चयनित 721 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
अजमेर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की कुल 16,686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 103 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 248-ए पर शाहपुरा से थानागाजी तक पक्के शोल्डर सहित दो लेन सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण भी शामिल रहा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ किशन राव बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
721 चयनित युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले के विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित 721 अभ्यर्थियों में चिकित्सा विभाग में 364, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग में 142, राजस्व विभाग में 100, पशुपालन विभाग में 58, शिक्षा विभाग में 31, स्वायत्त शासन विभाग में 6, खान एवं भू-विज्ञान विभाग में 6, कौशल विभाग में 6 तथा अन्य विभागों में 8 कार्मिक शामिल हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षाविद दिनेश शर्मा ने किया।
कार्यक्रम के पश्चात जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सेटेलाइट हॉस्पिटल काला कुआं में बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिला स्तर पर शुभारंभ किया।
नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही नव चयनित युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। ज्योति का पशुपालन विभाग में एनिमल अटेंडेंट, मोनिका कंवर एवं मोना काटिवाल का राजस्व विभाग में पटवारी तथा आशुतोष अवस्थी का जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट पद पर चयन होने पर परिजनों और मित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नव चयनित कार्मिकों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे उन्हें समय पर नियुक्ति मिल सकी। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम बीना महावर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, भूमि आवाप्ति अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, आईसीडीएस उपनिदेशक महेश गुप्ता, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. दिनेश सूद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नवनियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे।