गोविंदगढ़ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: पंचर गाड़ी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो महिलाओं की मौत, 5 घायल
गोविंदगढ़ (अलवर)
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रफ्तार और सिस्टम की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी एक 7-सीटर गाड़ी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के होडल निवासी एक परिवार राजगढ़ में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। रविवार अलसुबह करीब 2:15 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 88.8 के पास उनकी गाड़ी पंचर हो गई। चालक ने सावधानी बरतते हुए वाहन को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद परिजनों ने मदद के लिए एनएचएआई की हेल्पलाइन 1033 पर कई बार कॉल किया, लेकिन सहायता नहीं पहुंची। करीब 3:30 बजे पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी।
परिजन सोनू ने बताया कि उन्होंने रात 2:18 बजे से 2:41 बजे के बीच पांच बार हेल्पलाइन 1033 पर फोन किया, लेकिन हर बार यह कहकर टाल दिया गया कि “यह हमारा क्षेत्र नहीं है, दूसरी टीम भेजी जा रही है।” करीब सवा घंटे तक कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंची। परिजनों का आरोप है कि अगर समय पर क्रेन या पेट्रोलिंग टीम पहुंच जाती, तो यह हादसा टल सकता था।
सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।