विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर अलवर में दिव्यांग एक्टिविटी फेस्टिवल, खिलाड़ियों ने दिखाया जोश और जज़्बा
इंदिरा गांधी स्टेडियम में दिव्यांग एक्टिविटी फेस्टिवल का आयोजन, खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन
अलवर, 20 फरवरी
विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर आज इंदिरा गांधी स्टेडियम में दिव्यांग एक्टिविटी फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सॉफ्टबॉल थ्रो, डिस्क थ्रो और दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कृष्ण सेवा संस्थान, पंडित छीतरमल लाठा वेलफेयर सोसायटी एवं परमार्थम दिव्यांग सेवा संस्था से जुड़े दिव्यांगजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा तथा शारीरिक शिक्षक महिपाल सिंह, मो. तारीक, प्रद्युमन सिंह और कुनाल सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपस्थित दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संतराम, रशमी वशिष्ठ, अमित पंचौली, मुबीन खान तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से परिवीक्षा एवं कल्याण अधिकारी सुरेश चंद और देशराज यादव उपस्थित रहे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय पैरा ओलंपिक खिलाड़ी संदीप सिंह नरूका, दीपाशु मीना, विश्राम बलाई सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।