जिला अस्पताल के बाहर सुलभ कॉम्पलेक्स में लूट, कर्मचारी से मारपीट कर 2400 रुपये ले उड़े बदमाश…
अलवर जिले के जिला अस्पताल के बाहर स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स पर दो बदमाशों ने कर्मचारी से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना शहर के व्यस्त इलाके में स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
सुलभ कॉम्पलेक्स पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी सुमीत झा के पास दो युवक डंडे लेकर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में थे। आते ही उन्होंने गाली-गलौच शुरू कर दी और गल्ले में रखी पूरी नकदी लेने की धमकी दी। बदमाशों ने कहा कि पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने सुमीत झा के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान एक बदमाश ने उनके सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी गल्ले में रखी करीब 2400 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
होश में आने के बाद सुमीत झा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वारदात के दौरान बदमाशों ने सुलभ कॉम्पलेक्स में तोड़फोड़ भी की और शीशे तोड़ दिए। पीड़ित सुमीत झा मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और पिछले कई वर्षों से अलवर में सुलभ कॉम्पलेक्स पर कार्यरत हैं।
फिलहाल पीड़ित की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।