नीमकाथाना में सूटकेस में धमाका, गणेश्वर कुंड परिसर में मचा हड़कंप…
सीकर। जिले के नीमकाथाना कस्बे में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गणेश्वर कुंड परिसर में रखे एक सूटकेस में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके से दूर हट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
तेज आवाज के साथ फटा सूटकेस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गणेश्वर कुंड के पास रखा सूटकेस अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सूटकेस के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दो संदिग्ध व्यक्तियों पर शक
कुंड के पास निर्माण कार्य कर रहे मजदूर सुरेश कुमार ने बताया कि धमाके से कुछ देर पहले दो व्यक्ति वहां आए थे, जिनकी उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच थी। एक व्यक्ति के हाथ में सूटकेस था और वह मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। दोनों ने पहले कुंड में नारियल डाला और फिर सूटकेस को कुंड में रख दिया। सूटकेस रखते ही तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया।
पुलिस और एफएसएल टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जारी है।