गोविन्दगढ़ में दिनदहाड़े गौवंश पर हमला, हालत गंभीर; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
अलवर जिले के गोविन्दगढ़ कस्बे में दिनदहाड़े एक गौवंश पर प्राणघातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना गोविन्दगढ़–प्लानखेड़ा मार्ग स्थित निरंकारी भवन के पास जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां सुबह करीब 10 बजे अज्ञात लोगों ने लगभग एक वर्ष के गौवंश पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी धर्म सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पशु चिकित्सकों ने गौवंश के पेट पर टांके लगाए तथा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार गौवंश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सनातनी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटना क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गो सेवा से जुड़े लोगों ने भी पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।