शिव कृपा आनंद महोत्सव के द्वितीय दिवस में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, शिव कथा से भावविभोर हुए श्रोता
अलवर
शिव कृपा आनंद महोत्सव के द्वितीय दिवस पर आयोजित शिव कथा में परम पूज्य डॉ. शिवम साधक जी महाराज ने श्रद्धालुओं को शिव कृपा का महत्व बताया। महाराज श्री ने कहा कि भगवान शिव की कृपा के बिना जीवन में सच्ची शांति संभव नहीं है। जीवन में चाहे कितनी भी संपत्ति और ऐश्वर्य क्यों न हो, शिव कृपा के अभाव में प्रसन्नता प्राप्त नहीं होती। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन के सही निर्णय केवल शांति की अवस्था में ही ले सकता है।
कथा उपरांत दूर-दराज़ से पधारे भक्तों के कष्ट निवारण हेतु भगवान शिव का दिव्य चंदन प्रसाद महाराज श्री द्वारा श्रद्धालुओं के मस्तक पर लगाया गया। रात्रि में खाटू श्याम ज्योति पूजन का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर बाबा खाटू श्याम से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।
साधक सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. एस. सी. मित्तल ने बताया कि परम पूज्य डॉ. शिवम साधक जी महाराज के सानिध्य में 9 फरवरी से 15 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक श्रीराम मंदिर, अपना घर आश्रम, अलवर में शिव कथा का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही प्रतिदिन सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ रही है।