#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

चित्तौड़गढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक 2.10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार…

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान ने चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी और एक कनिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर चित्तौड़गढ़ इकाई ने ग्राम पंचायत सिंहपुर, पंचायत समिति कपासन, जिला चित्तौड़गढ़ में पदस्थ पारस राम विश्नोई (ग्राम विकास अधिकारी) और बाबु लाल शर्मा (कनिष्ठ सहायक) को 70,000 रुपये नकद और 1,40,000 रुपये के चेक, कुल 2,10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि परिवादी द्वारा ग्राम पंचायत सिंहपुर के अंतर्गत विकास कार्यों के तहत लगभग 12.80 लाख रुपये के कार्य करवाए गए थे। इन कार्यों से संबंधित मई और जून 2025 के सात बिलों की ऑनलाइन फीडिंग कर भुगतान जारी करने के एवज में आरोपी अधिकारियों द्वारा 2.10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी और परिवादी को लगातार परेशान किया जा रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद, एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन तथा उप अधीक्षक पुलिस हरिश्चंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को परिवादी से रिश्वत की राशि लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।

एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *