#देश दुनिया #राज्य-शहर

राजगढ़ में बोलेरो पलटी, एक की मौत, दो गंभीर घायल प्रेम विवाह से जुड़ा विवाद आया सामने…

नया गांव माचाड़ी के पास हुआ हादसा, घायलों को किया गया अलवर रेफर

राजगढ़ (अलवर) थाना क्षेत्र के नया गांव माचाड़ी में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

सूचना मिलने पर एम्बुलेंस के जरिए घायलों को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया।

मृतक और घायलों की पहचान

चिकित्सालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के बिलंदी श्याम गंगा निवासी रामफूल गुर्जर और खेड़ली चंदावत, लक्ष्मणगढ़ निवासी विवेक गुर्जर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, मालाखेड़ा निवासी राजेंद्र प्रसाद चौधरी को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्रेम विवाह को लेकर विवाद का आरोप

घायल विवेक गुर्जर ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसने तीन माह पूर्व प्रेम विवाह किया था, जिसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। उसने कहा कि वह बाइक से बुटोली की ओर जा रहा था, तभी लड़की पक्ष के लोगों ने बोलेरो से उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

विवेक के अनुसार, टक्कर के बाद उसे जबरन बोलेरो में बैठाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उसकी जेब से मोबाइल फोन और करीब 50 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। इसी दौरान नया गांव माचाड़ी के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह भी घायल हो गया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना पर राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना पुलिस जाप्ते के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *