#देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में सड़क सुरक्षा का संदेश: स्कूली छात्र-छात्राएं उतरीं सड़कों पर, हेलमेट-सीट बेल्ट और मोबाइल से दूरी की अपील…

नगली सर्किल से भगत सिंह सर्किल तक निकाली जागरूकता रैली

अलवर शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से दो निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने नगली सर्किल से भगत सिंह सर्किल तक जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर शालीनता से समझाइश की।

घर से शुरू होनी चाहिए सुरक्षा की पहल

रैली में शामिल छात्राओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत सबसे पहले अपने घर से होनी चाहिए। यदि परिवारजन ही नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो समाज में बदलाव लाना मुश्किल होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं, सीट बेल्ट जरूर लगाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें।

नियमों का पालन करने वालों का सम्मान

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) शरण कांबले ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी और नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की।

सड़क सुरक्षा माह के तहत अभियान

ट्रैफिक थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार और पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसके तहत जागरूकता के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।

कोमल प्रजापत बनीं प्रेरणा

रैली के दौरान कक्षा 12वीं की छात्रा कोमल प्रजापत ने वाहन चालकों को प्रभावशाली तरीके से समझाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कोमल ने बताया कि वह अपने पिता को भी हमेशा हेलमेट पहनने और मोबाइल से दूरी बनाए रखने की सलाह देती हैं। उन्होंने कहा कि बदलाव की शुरुआत घर से ही होती है।

सभी से की सुरक्षा की अपील

छात्र-छात्राओं ने आमजन से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *