मकराना में बड़ी चोरी की वारदात: सात चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान से 45 किलो चांदी और 150 ग्राम सोना किया पार…
हॉस्पिटल रोड पर ज्वेलर्स शॉप बनी निशाना
राजस्थान के नागौर जिले के मकराना शहर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हॉस्पिटल रोड स्थित अजमेर ज्वेलर्स की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी पर हाथ साफ कर दिया।
रात के अंधेरे में पीछे से घुसे चोर
दुकान के संचालक सुरेंद्र कुमार सोनी और देवानंद सोनी ने बताया कि चोरों ने दुकान के पीछे की ओर से वारदात को अंजाम दिया। पीछे की गली में लगे शटर को तोड़ा गया, उसके बाद जालीदार गेट के तीन ताले काटे गए और फिर कांच तोड़कर चोर दुकान के भीतर दाखिल हुए।
45 किलो चांदी, सोना और नकदी चोरी
चोर दुकान से करीब 45 किलो चांदी के बर्तन व आभूषण, लगभग 150 ग्राम सोने के जेवर और गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसके अलावा भी कई कीमती सामान गायब पाए गए, जिससे कुल नुकसान करोड़ों में आंका जा रहा है।
सुबह टूटा शटर देख मचा हड़कंप
सुबह जब आसपास के लोगों ने दुकान का शटर और कांच टूटा देखा तो तुरंत इसकी सूचना दुकानदारों को दी गई। सूचना मिलते ही दोनों भाई मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि दुकान का मुख्य गेट सुरक्षित था, जबकि पीछे की ओर तोड़फोड़ कर चोरी की गई थी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की जानकारी मिलते ही मकराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई शिवलाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 2 बजकर 40 मिनट पर सात चोर दुकान में घुसते और चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। वारदात के बाद सभी चोर कीमती सामान को प्लास्टिक के कट्टों में भरकर पैदल ही नगर की ओर जाते नजर आए।
पुलिस जांच में जुटी, तलाश तेज
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित रास्तों की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
व्यापारियों में दहशत का माहौल
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद मकराना के व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।