#देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में जुगाड़ पलटने से बुजुर्ग की मौत, 15 घायल; पुलिस वाहन से टक्कर का आरोप, मुआवजे की मांग पर धरना….

अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में नटनी का बारा के पास रविवार दोपहर एक जुगाड़ वाहन पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 65 वर्षीय लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 से अधिक लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह, मोतीलाल, सीताराम और आनंदीलाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और डीएनटी समाज के लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे लोगों ने मृतक के परिजन को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने के साथ-साथ घायलों को भी आर्थिक सहायता देने की मांग की। कुछ समय तक मुआवजे की राशि को लेकर अलग-अलग मांगें सामने आईं, वहीं बाद में 20 लाख रुपये मुआवजा और एक परिजन को सरकारी नौकरी की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

मौके पर मौजूद महेंद्र योगी ने बताया कि जुगाड़ वाहन में सवार 15–20 लोग नटनी का बारा और आसपास के गांवों से भर्तृहरि धाम में आयोजित डीएनटी समाज के महासंगम में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जुगाड़ जैसे ही नटनी का बारा से आगे बढ़ा, पीछे से एक पुलिस वाहन ने ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी, जिससे जुगाड़ अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। वहीं, कुछ लोगों का आरोप है कि सामने से आ रही पुलिस गाड़ी को बचाने के प्रयास में वाहन हादसे का शिकार हुआ।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। धरने के कारण अलवर–थानागाजी होते हुए जयपुर जाने वाले मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे रीट परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

धरना स्थल पर सीओ ग्रामीण शिवानी शर्मा और एसडीएम नवज्योति कांवरिया पहुंचीं। प्रशासन ने समाज का ज्ञापन लेकर 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को नटनी का बारा चौकी पर वार्ता के लिए बुलाया। प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से बातचीत कर रहा है, जबकि अन्य लोग धरने पर डटे हुए हैं।

डीएनटी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सुरेनिया ने कहा कि समाज लंबे समय से डीएनटी आरक्षण की मांग कर रहा है। इस हादसे में समाज का एक व्यक्ति अपनी जान गंवा चुका है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की कि मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, साथ ही डीएनटी आरक्षण के मुद्दे पर ठोस निर्णय लिया जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा हुआ है और घायलों का उपचार जारी है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *