#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

रामगढ़ में एसआईआर आपत्ति अभियान पर बवाल, 1397 मतदाताओं पर फर्जी आपत्तियों का आरोप

राजस्थान में चल रहे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के अंतिम चरण में आपत्ति अभियान को लेकर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है। एक माह से जारी अभियान के अंतिम दिनों में अचानक 1397 मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज होने से ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सुनियोजित तरीके से झूठी और फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है और उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश रची जा रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को ऊंटवाल गांव के सैकड़ों ग्रामीण रामगढ़ पंचायत समिति के प्रधान नसरू खान के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। हालांकि एसडीएम के फील्ड में होने के कारण ग्रामीणों को कार्यालय में ही प्रतीक्षा करनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि एसडीएम के लौटने के बाद उन्हें ज्ञापन सौंपा जाएगा।

ग्रामीण मौसम, नवाब खान, जफर और सुब्बा खान ने बताया कि एसआईआर आपत्ति अभियान के तहत उनके गांव के 106 मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। आरोप है कि ये आपत्तियां गांव के ही नवाब के नाम से दर्ज कराई गई हैं, जबकि नवाब का कहना है कि वह न तो कभी एसडीएम कार्यालय गया और न ही उसने किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराई। नवाब ने आरोप लगाया कि उसके नाम का दुरुपयोग कर ग्रामीणों को मृतक और प्रवासी बताकर फर्जी आपत्तियां लगाई गई हैं। यहां तक कि उसके परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ भी उसके ही नाम से आपत्ति दर्ज कर दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि जिन मतदाताओं को मृतक दर्शाकर आपत्ति दर्ज की गई है, वे सभी जीवित हैं और स्वयं एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। पंचायत समिति प्रधान नसरू खान ने बताया कि इसी तरह का मामला एक दिन पहले पिपरौली गांव से भी सामने आया था, जहां कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर ग्रामीणों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे।

ऊंटवाल गांव के ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से न हटाया जा सके।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *