बड़ौदामेव के गंडूरा गांव में निजी बस परिचालक पर जानलेवा हमला, दर्जनों लोगों ने की मारपीट, बस के शीशे तोड़े
बड़ौदामेव। बड़ौदामेव थाना क्षेत्र के गंडूरा गांव में बुधवार देर शाम एक निजी बस के परिचालक के साथ बेहरमी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने बस के शीशे भी तोड़ दिए और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम एक निजी बस अलवर से लक्ष्मणगढ़ के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस गंडूरा गांव पहुंची, वहां पहले से मौजूद एक दर्जन से अधिक लोगों ने बस को जबरन रुकवा लिया। इसके बाद बस परिचालक देवेंद्र कुमार (32) पुत्र गीला राम जाटव के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए शीशे भी तोड़ दिए।
घटना की सूचना बस चालक द्वारा घायल परिचालक के परिजनों को दी गई। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को उपचार के लिए बड़ौदामेव के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां बेहतर इलाज के लिए उसे भर्ती कराया गया।
परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि करीब दो-तीन दिन पहले गांव की एक महिला बड़ौदामेव से गंडूरा जाने के लिए बस में सवार हुई थी। उस दौरान परिचालक ने महिला को पीछे बैठने के लिए कहा था, जिससे वह नाराज हो गई। इसी रंजिश के चलते महिला ने बुधवार को गांव के दर्जनों लोगों को एकत्रित कर परिचालक पर हमला करवाया।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।