स्कॉर्पियो फायरिंग व आगजनी कांड का खुलासा, सदर थाना पुलिस ने 10 हजार के इनामी आरोपी को दबोचा
अलवर सदर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्कॉर्पियो गाड़ी में फायरिंग कर आग लगाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, वहीं पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
सदर थाना के एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि यह मामला वर्ष 2024 का है। आरोपी मनीष ने एक स्कॉर्पियो वाहन हायर पर लिया था। वाहन लेने के बाद उसने साजिश के तहत स्कॉर्पियो में फायरिंग की और उसमें आग लगा दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। इस घटना में स्कॉर्पियो वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चलता रहा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा कई प्रयास किए गए। लगातार फरारी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी मनीष पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि स्कॉर्पियो में आग लगाने के पीछे आरोपी की मंशा क्या थी और इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था। फिलहाल सदर थाना पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके।