अलवर: न्यायालय के आदेश पर यातायात पुलिस थाने में जब्त स्क्रैप वाहनों की पारदर्शी नीलामी, 38 वाहन हुए निस्तारित…..
अलवर यातायात पुलिस थाना परिसर में सोमवार को न्यायालय के आदेशानुसार जब्त एवं अनुपयोगी स्क्रैप वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई। नीलामी पारदर्शी तरीके से गठित समिति की मौजूदगी में आयोजित हुई, जिसमें संबंधित अधिकारी एवं समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। नीलामी को लेकर सुबह से ही थाना परिसर में गतिविधि तेज रही और बड़ी संख्या में वाहन खरीदार स्थल पर पहुंचे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले ने बताया कि कुल 38 वाहनों की नीलामी दो चरणों में की जा रही है। पहले चरण में 10 वाहनों पर बोली लगाई गई, जिसमें अधिकतम बोली 35 हजार रुपये तक पहुंची। इस चरण में 20 से अधिक बोलीदाताओं की भागीदारी रही, जिससे प्रतिस्पर्धी माहौल बना और वाहनों को उचित मूल्य प्राप्त हो सका।
एएसपी कांबले ने कहा कि ऐसी नीलामी से जहां थाना परिसरों में वर्षों से पड़े अनुपयोगी वाहनों से निजात मिलती है, वहीं सरकारी राजस्व में भी वृद्धि होती है। पूरी कार्यवाही नियमों के अनुरूप और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार आगे भी समय–समय पर इस प्रकार की नीलामी की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि थाना परिसरों में सुव्यवस्था बनी रहे और पुराने स्क्रैप वाहनों का उचित निस्तारण हो सके।