“नशे में तेज़ाब को शराब समझकर पी लिया, उपचार के दौरान मजदूर की मौत”
अलवर ज़िले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोहा गाँव में तेज़ाब के सेवन से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय रोशन लाल जाटव पुत्र प्रभाती लाल जाटव पेशे से चिनाई मिस्त्री थे और नियमित रूप से शराब का सेवन किया करते थे। बीती रात वे नशे की हालत में थे। इसी दौरान घर के बाथरूम में रखी तेज़ाब की बोतल को शराब समझकर गलती से पी गए।
तेज़ाब पीते ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तेज़ उल्टियां आने लगीं। परिजनों ने तुरंत उन्हें गंभीर अवस्था में रामगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर रात करीब 7 बजे उन्हें अलवर के सामान्य चिकित्सालय रैफर कर दिया गया। इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और शनिवार तड़के करीब 3 बजे उनका निधन हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुँची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जाँच में मामला नशे की हालत में गलती से तेज़ाब पी लेने का प्रतीत होता है।