चारागाह और जल संरक्षण पर जिला प्रशासन का फोकस, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने किया मालाखेड़ा-उमरैण क्षेत्र का निरीक्षण….
अलवर जिले में चारागाह विकास और जल संरक्षण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को मालाखेड़ा और उमरैण पंचायत समितियों के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना और वाटरशेड योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का मौके पर जाकर जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बिचपुरी में चारागाह विकास कार्यों का निरीक्षण, फलोद्यान की सराहना
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मालाखेड़ा पंचायत समिति के ग्राम बिचपुरी में चारागाह विकास योजना के अंतर्गत विकसित फलोद्यान का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और उपयोगिता की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि इस क्षेत्र को स्थानीय स्तर पर एक छोटे पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। इसके लिए पाथवे, बैठने की व्यवस्था और हट निर्माण जैसे कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
फार्म पोण्ड से बढ़ी सिंचाई सुविधा, किसानों को मिल रहा सीधा लाभ
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने बिचपुरी गांव में बने फार्म पोण्ड का भी निरीक्षण किया। यहां लाभार्थी किसान भगवान सहाय ने बताया कि तालाब निर्माण के बाद सिंचाई आसान हुई है और फसल उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार आया है। इस पर संतोष जताते हुए डॉ. शुक्ला ने वाटरशेड विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र किसानों को फार्म पोण्ड योजना से जोड़ा जाए।
जोहड़ पुनर्निर्माण और पौधारोपण पर दिया जोर
डॉ. शुक्ला ने जोहड़ पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए जोहड़ की पाल पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। इससे भूजल स्तर में सुधार और चारागाह भूमि की उपयोगिता बढ़ेगी।
जाटोली में अतिक्रमण हटाकर फरवरी से कार्य शुरू करने के निर्देश
ग्राम जाटोली में चारागाह विकास योजना के तहत स्वीकृत पौधारोपण स्थल का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने और फरवरी माह से कार्य प्रारंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारागाह भूमि का संरक्षण पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत जरूरी है।
उमरैण के अकबरपुर में चेक डैम निर्माण का जायजा
उमरैण पंचायत समिति के ग्राम अकबरपुर में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना के अंतर्गत सीएसआर फंड से बन रहे चेक डैम का भी निरीक्षण किया गया। डॉ. शुक्ला ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सीएसआर मद से और अधिक जल संरक्षण कार्य स्वीकृत कराए जाएं, ताकि बारिश के पानी का अधिकतम संचयन किया जा सके।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान वाटरशेड विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेंद्र मोथू, मालाखेड़ा विकास अधिकारी श्रीमती राजबाला मीना, उमरैण विकास अधिकारी श्रीमती आरती गुप्ता, अधीशासी अभियंता प्रहलाद मीना एवं नरेगा के अधीशासी अभियंता नरेंद्र लाखीवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।