#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

रामगढ़: घर के बाहर खड़ी स्प्लेंडर बाइक मिनटों में चोरी, वारदात सीसीटीवी में कैद

रामगढ़ थाना क्षेत्र के डोली का बास गांव में बाइक चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार दोपहर जय कॉलोनी निवासी गौरव वर्मा के घर के बाहर खड़ी उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक को शातिर चोर कुछ ही मिनटों में चोरी कर ले गए। खास बात यह रही कि वारदात पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई, इसके बावजूद आरोपी आराम से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार गौरव वर्मा पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल बुधवार को रामगढ़ उप जिला अस्पताल में डॉक्टर को दिखाकर दोपहर करीब 2 बजे घर लौटे थे। उन्होंने बाइक को लॉक लगाकर घर के बाहर खड़ा किया और दवाई लेकर अंदर आराम करने चले गए। शाम करीब 4 बजे बाहर निकलकर देखा तो बाइक गायब थी।

बाइक चोरी का पता लगते ही गौरव ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिस पर नाकाबंदी करवाई गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि एक बाइक पर सवार दो युवक पहले रैकी करते हैं, फिर मौका देखकर एक युवक उतरकर लॉक तोड़ता है और बाइक लेकर फरार हो जाता है।

पीड़ित ने गुरुवार दोपहर रामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच की बात कह रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कड़ी कार्रवाई के अभाव में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *