#राज्य-शहर

खैरथल में महिला सुरक्षा अभियान का समापन, छात्राओं की जागरूकता रैली से गूंजा संदेश

खैरथल। महिला सुरक्षा एवं बालिका सशक्तिकरण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से खैरथल-तिजारा जिला पुलिस द्वारा चलाए गए एक माह के विशेष अभियान का बुधवार को भव्य समापन किया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय खैरथल में स्कूली छात्र-छात्राओं की विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने “सशक्त नारी–सुरक्षित समाज” का संदेश देकर आमजन को महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

रैली सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल से प्रारंभ होकर अंबेडकर सर्किल तक पहुंची। आईपीएस अधिकारी शिवानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय के सभागार में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान दिल्ली पुलिस की आईपीएस अधिकारी शिवानी ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने महिलाओं और छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह ने बताया कि 1 जुलाई से 30 जुलाई तक जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समारोह में जयपुर मुख्यालय से आई आरपीएस अधिकारी अदिति, प्रशिक्षु आरपीएस अधिकारी और किशनगढ़ बास थानाधिकारी नेहा मीणा ने भी महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर महिला थानाधिकारी नंदलाल जांगिड़, खैरथल थाना प्रभारी रामकिशन यादव सहित पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें – गोविंदगढ़ में दो गर्भवतियों की मौत, इलाज और सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *