महावर ऑडिटोरियम में वैश्य सेवा संघ का शपथ ग्रहण समारोह, भूपेंद्र यादव बोले—80 वर्षों की सेवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत
अलवर।
श्री महावीर वैश्य सेवा संघ एवं महावर वैश्य शिक्षा समिति का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को शहर के जेल सर्किल स्थित महावर ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि राजस्थान सरकार के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे।
समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रही। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि किसी संस्था द्वारा लगातार 80 वर्षों तक सामाजिक, शैक्षिक एवं जनकल्याणकारी कार्य करना अपने आप में एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज की यह सेवा भावना अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो समाज में चेतना, सहयोग और एकजुटता को मजबूती देती है।
वहीं वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने अपने संबोधन में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता को समाज की प्रगति का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई तथा समाज की भावी योजनाओं और गतिविधियों पर चर्चा की गई। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।