#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

भाजपा सरकार के दो साल: अलवर में प्रभारी मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने गिनाईं उपलब्धियां, प्रचार रथों को दिखाई हरी झंडी

अलवर। प्रदेश में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर “बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान” अभियान के तहत अलवर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं तथा दो साल की उपलब्धियों को मीडिया के समक्ष रखा। इस अवसर पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियों के प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने राम जल सेतु लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से अलवर सहित प्रदेश के 13 जिलों को बड़ा लाभ मिलेगा। परियोजना के माध्यम से करीब 4 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से लगभग 90 हजार करोड़ रुपये का सहयोग दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ईआरसीपी (ई योजना) पिछली सरकार के कार्यकाल में अटकी रही, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस दिशा में तेजी से काम शुरू किया है। यह परियोजना टोंक से उनियारा होते हुए डूंगरी तक पहुंचेगी। वहीं, सवाई माधोपुर में प्रस्तावित डैम को लेकर विरोध की बात पर उन्होंने कहा कि इस परियोजना में 9 गांव प्रभावित होंगे, लेकिन विस्थापितों के पुनर्वास की पूरी व्यवस्था की जाएगी।

डॉ. किरोड़ी ने बताया कि वहां से पाइपलाइन के माध्यम से अलवर तक पानी लाया जाएगा और अगले तीन से चार वर्षों में अलवर को पानी मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना इस क्षेत्र के लिए “लाइफ लाइन” साबित होगी।

इसके साथ ही उन्होंने राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात करते हुए कहा हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ , मीणा ने खाद बीज पर चल रही कालाबाजारी पर कहा हमने प्रदेश में चल रहे नकली खाद यूरिया के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की । इस दौरान प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए 11 से 25 दिसंबर तक चलाए जाने वाले सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला, एसपी सुधीर चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *