अलवर में दर्दनाक हादसा: टाइल्स लगाते समय मजदूर की गिरकर मौत
अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के सीरावास मीणा की ढाणी स्थित एक फार्महाउस में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां दो मंजिला भवन पर टाइल्स लगाने का कार्य कर रहे एक श्रमिक की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय नागर मल पुत्र तुलसीराम प्रजापत निवासी प्रीतमपुरी, जिला सीकर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नागर मल महज तीन दिन पहले ही काम के सिलसिले में अपने गांव से यहां आया था और फार्महाउस पर ही रह रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह दूसरी मंजिल पर टाइल्स लगा रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल होने पर साथी श्रमिक उसे तुरंत अकबरपुर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में भिजवाया गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है, जो सीकर से अलवर के लिए रवाना हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – जयपुर में हिस्ट्रीशीटर की अवैध संपत्ति पर चला बुलडोजर, 1 करोड़ का मकान ध्वस्त