#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

तिजारा फाटक ओवरब्रिज पर महिला टीचर का आत्महत्या का प्रयास, पुलिस ने समझाकर पति के साथ भेजा घर…

अलवर शहर के तिजारा फाटक ओवरब्रिज पर रविवार रात करीब 9 बजे एक निलंबित महिला शिक्षिका ने ओवरब्रिज से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना पर शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाइश कर थाने ले गई। काउंसलिंग के बाद महिला को उसके पति के साथ घर भेज दिया गया।

महिला बानसूर ब्लॉक में कार्यरत रही है और वर्तमान में निलंबित चल रही है। महिला का आरोप है कि बानसूर के तत्कालीन एसएचओ सुरेंद्र मलिक सहित कुछ लोगों ने उसे हनीट्रैप के झूठे मामले में फंसाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। महिला का कहना है कि उससे 15 लाख रुपये में मामला रफा-दफा करने की बात की गई, लेकिन बाद में उसे ही झूठे केस में जेल भिजवा दिया गया। आरोपी कथित रूप से उसके वीडियो दिखाकर बदनाम कर रहे हैं और लगातार धमका रहे हैं।

महिला ने बताया कि वह पिछले आठ महीनों से न्याय के लिए भटक रही है। आरोप है कि उससे उल्टा पैसे भी ऐंठे गए और भाई को नौकरी लगवाने का झूठा वादा किया गया। पीड़िता का कहना है कि उसने सभी सबूत पुलिस को सौंपे हैं और नारायणपुर थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इधर, महिला के पति ने बताया कि वर्ष 2020 से उनकी पत्नी को होलावास निवासी बुधराम सहित तीन लोग ब्लैकमेल कर रहे थे। वर्ष 2021 में मारपीट कर उससे जबरन राजीनामा लिखवाया गया। पति के अनुसार, बुधराम बिजली ठेकेदारी से जुड़ा हुआ है और पहले नौकरी दिलाने के नाम पर महिला के भाई से पैसे लिए गए। बाद में कथित तौर पर महिला के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। बार-बार पुलिस में शिकायत देने के बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

थाना अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि गश्त के दौरान ओवरब्रिज पर एक महिला फुटपाथ पर बैठी मिली, जो आत्महत्या की धमकी दे रही थी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। महिला को समझाकर थाने लाया गया, जहां काउंसलिंग के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।

नोट: मामला आरोप-प्रत्यारोप से जुड़ा है। पुलिस जांच के बाद ही तथ्य स्पष्ट होंगे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *