#खेल #देश दुनिया #राज्य-शहर

जेल से IPL डील की पेशकश: सुकेश चंद्रशेखर ने RCB खरीदने के लिए रखा 1 अरब डॉलर का प्रस्तावडियाजियो को लिखा लेटर, एलएस होल्डिंग्स के जरिए खरीदने का दावा

दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खरीदने की पेशकश की है। सुकेश ने RCB की मालिक कंपनी डियाजियो (Diageo) को पत्र लिखकर अपनी कंपनी एलएस होल्डिंग्स के माध्यम से एक अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 8300 करोड़ रुपये) की बोली लगाने का दावा किया है।


कैश डील का प्रस्ताव, सभी अधिकारों के अधिग्रहण की बात

सुकेश ने अपने पत्र में लिखा है कि उनकी कंपनी RCB के पूर्ण अधिग्रहण और संचालन नियंत्रण में रुचि रखती है। प्रस्ताव में फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी अधिकार, ब्रांड और ट्रेडमार्क, खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट्स और अन्य कानूनी अधिकार शामिल होने की बात कही गई है। सुकेश का दावा है कि यह सौदा पूरी तरह कैश में किया जाएगा।


48 घंटे में डील फाइनल करने का दावा

पत्र में सुकेश ने यह भी कहा है कि वह किसी थर्ड पार्टी या फाइनेंशियल पार्टनर की मदद के बिना 48 घंटे के भीतर डील को अंतिम रूप दे सकता है। उसने यह भी दावा किया कि अन्य संभावित बोलीदाताओं की तुलना में उसकी पेशकश अधिक व्यावहारिक और निर्णायक है।


कानूनी मामलों पर सफाई, आरोपों को बताया अप्रमाणित

अपने ऊपर चल रहे कई आपराधिक मामलों का जिक्र करते हुए सुकेश ने लिखा कि फिलहाल उसके खिलाफ केवल आरोप हैं और किसी भी अदालत ने अब तक उसे दोषी साबित नहीं किया है। उसने यह भी दावा किया कि एलएस होल्डिंग्स पर किसी प्रकार का कानूनी विवाद नहीं है और कंपनी कई देशों में पंजीकृत व संचालित है।


जैकलीन फर्नांडिस का जिक्र, टीम को बताया ‘तोहफा’

सुकेश चंद्रशेखर ने अपने पत्र में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का भी उल्लेख किया है। उसने लिखा कि RCB का अधिग्रहण वह अपनी पार्टनर जैकलीन फर्नांडिस के लिए एक विशेष उपहार के रूप में करना चाहता है।


पहले भी कर चुका है दावा, दिसंबर में लिखा था निजी पत्र

गौरतलब है कि इससे पहले 24 दिसंबर को जैकलीन फर्नांडिस के नाम लिखे एक पत्र में भी सुकेश ने IPL टीम खरीदने की इच्छा जाहिर की थी। उस पत्र में उसने दावा किया था कि वह RCB के लिए बोली लगा चुका है और भविष्य में टीम का मालिक बनने की कोशिश कर रहा है।


डियाजियो की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

RCB की मालिक कंपनी डियाजियो की तरफ से सुकेश चंद्रशेखर के इस कथित प्रस्ताव पर अब तक कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *